छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर CRPF जवान को क्रॉस फायरिंग में लगी गोली
छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर CRPF जवान को क्रॉस फायरिंग में लगी गोली

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सर्चिंग पर निकले CRPF जवान को गोली लग गई है। बताया जा रहा है कि बीती रात सर्चिंग के दौरान क्रॉस फायरिंग के दौरान जवान को गोली लगी जो गले में अब भी फंसी हुई है। पूरा मामला छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर कांवर भौदी से लगे जंगल का है। घायल जवान को CRPF की टीम गरियाबंद जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है।
घायल जवान का नाम प्रकाश साई है। वह ओडिशा नुआपाड़ा जिले के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप में है। मिली जानकारी के मुताबिक कोमना थाना क्षेत्र के सुनाबेड़ा अभयारण्य में शिवनारायणपुर में जवान घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि उस इलाके में अब भी सर्चिंग जारी है। रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। नक्सलियों की क्रॉस फायरिंग में जवान को गोली लगने की खबर है। हालांकि पुलिस ने क्रॉस फायरिंग से गोली लगने की पुष्टि नहीं की है।
मेडिकल अफसर डॉक्टर हरीश चौहान ने बताया कि जवान के गर्दन में बुलेट फंसी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। जवान की हालत गंभीर है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार सुबह से चल रही मुठभेड़ खत्म हो गई है। सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। मौके से BGL, बंदूक, नक्सल वर्दी, पिट्ठू, दवाइयां, और विस्फोटक मिले हैं। वहीं मुठभेड़ के दौरान STF और DRG के दो जवान भी घायल हुए हैं। इस साल जनवरी से अब तक 131 दिन में जवानों ने 103 नक्सली ढेर किए हैं।
