कांकेर के पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी ने छोड़ी कांग्रेस: शिशुपाल शोरी अब भाजपा ज्वाइन करेंगे

0

कांकेर के पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी ने छोड़ी कांग्रेस: शिशुपाल शोरी अब भाजपा ज्वाइन करेंगे

कांकेर में कांग्रेस के पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी ने पार्टी छोड़ दी है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शिशुपाल शोरी अब भाजपा जॉइन करेंगे। रायपुर में गुरुवार शाम को उन्हें सदस्यता दिलाई जाएगी। शोरी सीएम विष्णुदेव साय की मौजूदगी में भाजपा जॉइन करेंगे। शिशुपाल शोरी ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि कांग्रेस की खराब नीति और अनदेखी से आहत होकर वे भाजपा प्रवेश करने जा रहे हैं। शिशुपाल को पिछली कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला हुआ था। वो अक्सर भाजपा को उसकी नीतियों की वजह से घेरा करते थे। शिशुपाल IAS अफसर रह चुके हैं। 

रिटायरमेंट के बाद वे राजनीति में आ गए और कांग्रेस में सक्रिय रहे। आदिवासी समुदाय के शिशुपाल शोरी कई सामाजिक पदों पर रहे हैं। समाज में उनकी पैठ अच्छी है। ऐसे में जब कांकेर में 26 अप्रैल को वोटिंग होनी है, उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है। शिशुपाल शोरी 2018 के चुनाव में पहली बार कांग्रेस की टिकट पर विधायक चुने गए। शिशुपाल शोरी कांकेर जिला मुख्यालय के पास ग्राम पंचायत डुमाली के रहने वाले हैं, वहीं उनका जन्म हुआ था। 1972 में नरहर देव स्कूल से 12वीं तक की शिक्षा उन्होंने हासिल की है।

1983 में मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विक्रम विश्वविद्यालय से शिशुपाल शोरी ने स्नातक की उपाधि ली। फिर मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर वे राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसर बन गए। 2007 में वे दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर बने।

शिशुपाल शोरी 2009 से लेकर अब तक अखिल भारतीय गोंडवाना गोंड महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने 2013 में आईएएस की नौकरी से इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस का दामन थाम लिया। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस से कांकेर लोकसभा सीट से टिकट की दावेदारी पेश की, हालांकि उन्हें टिकट नहीं मिला। 2016 से 2018 तक वे प्रदेश अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस रहे। वे सदस्य अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस भी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *