बीजापुर में IED ब्लास्ट, 2 जवान जख्मी:नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन पर निकली थी फोर्स; IED पर पैर आने से हुआ धमाका
बीजापुर में IED ब्लास्ट, 2 जवान जख्मी:नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन पर निकली थी फोर्स; IED पर पैर आने से हुआ धमाका
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में IED (Improvised explosive device) ब्लास्ट की चपेट में आकर STF के 2 जवान घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को साथी जवान कैंप लेकर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है। नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन पर फोर्स निकली थी, इसी दौरान जवानों का पैर नक्सलियों की लगाई IED पर आ गया। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पीडिया के जंगल में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं।
इसी सूचना के आधार पर जवानों की एक टीम को सर्च ऑपरेशन पर निकाला गया था। यहां नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के मंसूबे से पहले से ही IED प्लांट कर रखी थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान STF के एक जवान का पैर प्रेशर IED पर पड़ा, जिससे जोर का धमाका हुआ।
धमाके की चपेट में दूसरा जवान भी आ गया। दोनों जख्मी हो गए। जिसके बाद साथी जवान इन्हें मौके से निकालकर कैंप ला रहे हैं। फिलहाल घायल जवानों के नाम का पता नहीं चल सका है। अफसरों की मानें तो दोनों की हालत ठीक है।

