मौसम बदलते ही वायरल या सिरदर्द, बदनदर्द:खान-पान में अदरक, लहसुन, काली मिर्च और लौंग इस्तेमाल करें, ये बरतें सावधानियां
मौसम बदलते ही वायरल या सिरदर्द, बदनदर्द:खान-पान में अदरक, लहसुन, काली मिर्च और लौंग इस्तेमाल करें, ये बरतें सावधानियां

मार्च का महीना शुरू हो चुका है। गर्मियों ने दस्तक दे दी है, लेकिन गर्मियों से पहले उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवा ने फिर से वातावरण में बदलाव कर दिया है।
बदलते मौसम से न सिर्फ वातावरण में बल्कि हमारे शरीर में भी कई तरह की उथल-पुथल होती है। ऐसे में खराब लाइफस्टाइल, अनहेल्दी डाइट की वजह से कई तरह की बीमारियां हमें घेर लेती हैं। बच्चे, बुजुर्गों के अलावा जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है। वह खासतौर पर प्रभावित होते हैं। ऐसे मौसम में जरा सी लापरवाही बरतने पर कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
आज जरूरत की खबर में हम बात करेंगे कि बदलते मौसम में किस तरह की बीमारियां हो सकती हैं। साथ ही जानेंगे कि-
- बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों के लक्षण क्या हैं?
- बदलते मौसम में किस तरह का खान-पान जरूरी है?
- बीमारियों से बचने के लिए किस तरह की सावधानी बरतें?
सवाल- बदलता मौसम हमारे शरीर को किस तरह से प्रभावित करता है?
जवाब- बदलते मौसम में शरीर को भी आवश्यक बदलावों की जरूरत होती है। क्योंकि, बॉडी को वातावरण के टेंपरेचर के साथ एडजस्ट करने में समय लगता है। इसे ऐसे समझिए कि अगर आप कहीं गर्म जगह में रह रहे हैं तो और अचानक किसी ठंडी जगह पर चले जाएं तो बीमार होने का खतरा कई गुना बढ़ सकता है।
सवाल- बदलते मौसम में बीमारियां ज्यादा होने का क्या कारण है?
जवाब- हमारा शरीर एक खास तापमान में रहने का आदी होता है। जैसे बचपन से हमने सीजनल बदलाव को देखा होता है, उसी हिसाब से हमारी बॉडी मिनिमम या मैक्सिमम टेंपरेचर को एडॉप्ट करती है। जब टेंपरेचर और वातावरण में बदलाव आता है तो उसे शरीर धीरे-धीरे एडॉप्ट करता है। इसी दौरान जिस तरह से शरीर में बदलाव होते हैं, वह हमारी फिजिकल और मेंटल हेल्थ को प्रभावित करते हैं। जिससे कई बार हम बीमारियों से पीड़ित हो जाते हैं।
सवाल- बदलते मौसम में किन लोगों के बीमार होने की आशंका ज्यादा रहती है?
जवाब- बदलता मौसम हर किसी के लिए परेशानी लेकर आए, यह जरूरी नहीं है। हां, ऐसे मौसम में कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सचेत रहने की जरूरत होती है। जो लोग लंबे समय से किसी बीमारी से पीड़ित हैं और दवाएं खा रहे हैं। उन लोगों को भी बदलते मौसम में परेशानी होने की आशंका रहती है।
सवाल- बदलते मौसम में किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए ?
जवाब- फिजीशियन डॉ. अकबर नकवी बताते हैं कि दिन में तेज धूप और सुबह-शाम सर्दी की वजह से कई लोग लापरवाही बरतने लगते हैं। टोपी, स्वेटर और ऊनी कपड़ों से अचानक लोग टी-शर्ट पहनने लगते हैं। ऐसा करना कई बार बीमारियों की वजह बनता है। इसलिए जरूरी है कि धीरे-धीरे ऊनी कपड़ों को कम करें। सुबह-शाम फुल बाजू के कपड़े पहनने चाहिए। खासकर बच्चों को अपनी हथेली, पांवों और सीने को ढककर रखना चाहिए।
ऐसे मौसम में अगर बीमार पड़ जाएं तो सबसे जरूरी चीज है आराम करना। साथ ही बीमार होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। खुद से किसी भी तरह की दवा न लें। ऐसा करना बीमारी को और ज्यादा बढ़ा सकता है।
सवाल- ऐसे मौसम में बीमारियों से बचने के लिए किस तरह का खानपान रखें?
जवाब- बदलते मौसम में सिट्रस फ्रूट को डाइट में शामिल कर सकते हैं। सिट्रस फ्रूट्स में विटामिन-C की मात्रा भरपूर होती है। जिससे इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद मिलती है। हरी सब्जियां भी इम्यूनिटी को बूस्ट करने का काम करती हैं।
