सरगुजा-बस्तर संभाग के जिलों में बारिश के आसार: अगले 24 घंटे बाद तापमान में होगा बदलाव
सरगुजा-बस्तर संभाग के जिलों में बारिश के आसार: अगले 24 घंटे बाद तापमान में होगा बदलाव
छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और अंदर चलने की संभावना है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, पेंड्रा में 9 डिग्री और रायपुर में दिन का औसत तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम दर्ज किया है।
प्रदेश के सरगुजा और बस्तर संभाग के सभी जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं । पिछले दो दिनों से बारिश और ओले गिरने के कारण प्रदेश के कई जिलों में दिन के अधिकतम तापमान में 6 से 10 डिग्री तक गिरावट आई है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, रायगढ़, जांजगीर, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
राजधानी में मंगलवार को मार्च में मानसून जैसी बारिश हुई। सुबह अच्छी बारिश के बाद दोपहर में अंधेरा छा गया और झमाझम पानी गिरा। देर शाम से तो जैसे झड़ी लग गई और रात तक पानी बरसता रहा। लगातार पानी गिरने से 24 घंटे में तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री तक गिरकर 32 तक पहुंच गया है।

