कांग्रेस की अगली सूची शाम तक आ सकती है:दिल्ली में CEC की आज बैठक
कांग्रेस की अगली सूची शाम तक आ सकती है:दिल्ली में CEC की आज बैठक

दिल्ली में कांग्रेस CEC की बैठक रखी गई है। आज होने वाली इस बैठक में छत्तीसगढ़ लोकसभा की बची 5 सीटों के प्रत्याशियों के नामों पर मंथन होगा। संभावना है कि बैठक के बाद रात तक सूची जारी की जा सकती है। बैठक में पीसीसी चीफ दीपक बैज भी शामिल होंगे।
बस्तर से दीपक बैज जो कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं वो मौजूदा सांसद हैं। कोंटा विधायक और पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने इस सीट के लिए बेटे हरीश लखमा को प्रत्याशी बनाने का दावा किया था, लेकिन बात बनती नहीं दिखाई दी।
वहीं, बस्तर में कवासी लखमा का सियासी कद बड़ा है। ऐसे में माना जा रहा है कि कवासी को पार्टी नाराज नहीं करेगी, लेकिन टिकट बेटे की जगह उन्हें दिया जा सकता है।
कांग्रेस इलेक्शन में सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। प्रदेश में OBC वर्ग के तीन बड़े समाज हैं, जिनमें साहू, कुर्मी और यादव शामिल हैं। बीजेपी ने साहू और कुर्मी समाज से प्रत्याशी उतारा है।
संभावना है कि कांग्रेस की अगली सूची 18-19 मार्च तक आएगी, जिसमें बिलासपुर समेत बाकी की सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम जारी किए जाएंगे। नाम की घोषणा से पहले ही देवेंद्र यादव की टीम बिलासपुर लोकसभा सीट का दौरा करने लगी है।
सरगुजा लोकसभा से महिला प्रत्याशी शशि सिंह और मधु सिंह का नाम आगे चल रहा है। युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और जिला पंचायत सदस्य शशि सिंह प्रदेश के आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी हैं। इन दिनों वे बेहद सक्रिय हैं।
11 सीटों में महिला प्रत्याशियों का समीकरण साधने के लिए शशि सिंह या मधु सिंह को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। कांग्रेस के लिए सरगुजा इस समय सबसे कमजोर सीट है और शशि सिंह नया चेहरा हैं। हालांकि मधु सिंह की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए चिंतामणि महाराज यहां से उम्मीदवार हैं।
